प्रदेश के महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद की उत्तराखंड राज्य पात्रता परीक्षा (यूसैट) की आंसर की जारी हो गई है। लेकिन विवि के इस फरमान के बाद छात्रों की परेशानी बढ़ सकती है।
आंसर की में चार से पांच सवाल हर विषय में गलत हैं। इस गलती को बताने का शुल्क कुमाऊं विश्वविद्यालय ने प्रति प्रश्न एक हजार रुपये तय किया है, जिससे अभ्यर्थी खफा हैं। उनका कहना है कि इस तरह गलतियां बताने के लिए चार से पांच हजार रुपये शुल्क कहां से लाएंगे।
प्रदेशभर में यूसैट 29 अक्तूबर को आयोजित हुआ था। परीक्षा की उत्तर कुंजी वेबसाइट पर जारी हो गई। अभ्यर्थियों का दावा है कि हर विषय में चार से पांच गलत जवाब कुमाऊं विवि की ओर से दिए गए हैं।
राजनीति विज्ञान के एक अभ्यर्थी ने बताया कि पेपर-1 के सेट ए में सवाल नंबर 38, पेपर-2 के सेट बी में सवाल नंबर 44, पेपर-3 के सेट बी में सवाल नंबर 29, 42 और 47 के जवाब खुद कुमाऊं विश्वविद्यालय ने ही गलत दिए हैं।