नई तिथि घोषित होने तक स्थगित प्रवेश परीक्षा
देश के विभिन्न राज्यों में अलग-अलग तिथियों में होने वाली जवाहर नवोदय की प्रवेश परीक्षा इस वर्ष देशभर में एक साथ कराने की तैयारी है।
राज्य में आगामी आठ अप्रैल को होने वाली प्रवेश परीक्षा को भी नई तिथि घोषित होने तक स्थगित कर दिया गया है। प्रवेश परीक्षा की नई तिथि के बारे में जल्द अधिसूचित किया जाएगा। तमिलनाडु को छोड़कर देश भर में करीब 660 जवाहर नवोदय विद्यालय हैं। ये भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा संचालित हैं। इस वर्ष इनमें प्रवेश के लिए परीक्षा 10 फरवरी से शुरू होनी थी।
मैदानी राज्यों में 10 फरवरी, उत्तराखंड समेत विभिन्न पर्वतीय राज्यों में आठ अप्रैल और दूरस्थ क्षेत्र वाले राज्यों में नौ जून को परीक्षा कार्यक्रम घोषित था। अब इस प्रवेश परीक्षा को पूरे देश में एक साथ करने के उद्देश्य से पुरानी सभी प्रवेश परीक्षा तिथियों को स्थगित कर दिया गया है।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य एके कश्यप ने बताया कि आठ अप्रैल को परीक्षा को स्थगित करने संबंधी सूचना मिल गई है। प्रवेश परीक्षा के पंजीकृत विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को इसकी सूचना दे दी गई है। पूरे देश में अप्रैल में एक साथ प्रवेश परीक्षा आयोजित किए जाने की संभावना है। नई तिथि की सूचना अभी नहीं मिली है।
ऊधमसिंह नगर में 4,317 बच्चे होंगे शामिल
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तिथि आठ अप्रैल तय की गई थी। जिले की 80 सीटों के लिए 4,317 विद्याथिर्यों ने पंजीकरण कराया है। इसके साथ ही 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अब पुरानी तिथि स्थगित होने के बाद कुछ व्यवस्थाओं में बदलाव की भी संभावना है।