गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में अनोखी सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। शिक्षक सर्दियों की छुट्टी पर हैं, लेकिन कई जगह पर एग्जाम चल रहे हैं। डीएवी समेत कुछ कॉलेजों में परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। खुद विवि परिसर में ही शिक्षकों के शीतकालीन अवकाश के बावजूद परीक्षाएं हो रही हैं।
इस बार नोटबंदी की वजह से गढ़वाल विवि और उसके संबद्ध 180 कॉलेजों में परीक्षा शुल्क जमा करने की प्रक्रिया करीब छह दिन लेट हो गई। इससे परीक्षाएं भी लेट शुरू हुईं। इस बीच विवि के एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार विंटर वैकेशन आ गए तो शिक्षक विरोध में उतर आए। उनका कहना था कि विंटर वैकेशन में एग्जाम कराना संभव नहीं है।
बातचीत हुई तो विवि ने दबाव में बीच का रास्ता निकाल दिया। विवि ने कहा कि जो कॉलेज शीतकालीन अवकाश करना चाहते हैं कर लें, जो एग्जाम कराना चाहते हैं तो बेहतर होगा। इसका लाभ उठाते हुए डीएवी पीजी कॉलेज में सभी सेमेस्टर परीक्षाएं रद्द कर दी गईं और शिक्षक छुट्टी पर चले गए। डीबीएस, एमकेपी और एसजीआरआर पीजी कॉलेज में भी शिक्षक विंटर वैकेशन पर हैं, लेकिन कॉलेज किसी तरह जुगाड़बाजी से परीक्षाएं करा रहे हैं।