एलटी के 1272 रिक्त पदों के लिए इतने आवदेन चयन आयोग के लिए सिरदर्द बन गए है। समूह ‘ग’ के अधीन सहायक अध्यापक (एलटी) के 1272 रिक्त पदों के लिए करीब 45 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से इन पदों की भर्ती के लिए 17 दिसंबर को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने से चयन आयोग ने परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी है। देहरादून समेत कई जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
चयन आयोग के माध्यम से माध्यमिक शिक्षा विभाग, जनजाति कल्याण विभाग, स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ में सहायक अध्यापक (एलटी) के 1272 रिक्त पदों की बंपर भर्ती की जा रही है।
इन पदों के लिए प्रदेश भर से 45 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन आयोग ने लिखित परीक्षा के लिए 17 दिसंबर की तारीख निर्धारित की है।
सहायक अध्यापक पद की परीक्षा पूरी तरह से अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता के पाठ्यक्रम पर होगी। इसमें सामान्य ज्ञान के प्रश्न नहीं होंगे। चयन आयोग के सचिव संतोष बड़ोनी ने बताया कि आयोग की ओर से विभिन्न विभागों में सहायक अध्यापक (एलटी) पदों की भर्ती के लिए दो विज्ञापन जारी किए गए थे।
जिसमें 1214 व 58 पदों के लिए अलग-अलग आवेदन मांगे गए। लेकिन दोनों पदों की एक ही साथ लिखित परीक्षा होगी। इसके लिए 17 दिसंबर की तिथि निर्धारित की गई।
आयोग ने स्थगित की परीक्षा तिथि
चयन आयोग ने 17 दिसंबर को प्रस्तावित कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक, वैयक्तिक सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर पद की लिखित परीक्षा को स्थगित कर दी है। इसके लिए आयोग दोबारा से परीक्षा तिथि निर्धारित करेगा।
इन पदों के लिए पूर्व में भरे गए आवेदन पत्रों में संशोधन करने के कारण दोबारा से आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया चल रही है। जिस कारण आयोग ने परीक्षा तिथि को स्थगित किया है।