-कैनाल रोड, काठ बंगला और अजबपुर क्षेत्र में चला सघन प्रवर्तन अभियान
-अवैध बैनर-पोस्टर हटाए गए, मलबा सार्वजनिक स्थलों पर न डालने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान निगम की टीम ने कैनाल रोड, काठ बंगला, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी और अजबपुर क्षेत्रों में सघन निरीक्षण करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले 87 लोगों के चालान किए गए और 41,900 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर पड़े मलबे को हटाने के लिए आवश्यक संसाधन लगाए गए और संबंधित लोगों को भविष्य में निर्धारित स्थानों पर ही मलबा डालने के निर्देश दिए गए। भूमि अनुभाग की टीम ने मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 47 चालान और 23,100 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान 16 अवैध बैनर और पोस्टर भी हटाए गए। वहीं क्यूआरटी टीम ने न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी और अजबपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन चालान किए और 3,000 रुपये का अर्थदंड लगाया।
अपर नगर आयुक्त प्रवीण कुमार ने संयुक्त टीम को निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में मुख्य मार्गों पर मलबा फेंकने, अवैध होर्डिंग लगाने, अतिक्रमण करने या गंदगी फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार नोटिस और चालान की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अभियान के दौरान सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान, कर अधीक्षक धर्मेश पैन्यूली, एसएनए राजेश नैथानी आदि मौजूद रहे।