उत्तराखंड पुलिस की ओर से ड्रग फ्री देवभूमि के लिए प्रदेशभर में एक मई से दो माह का अभियान चलाया जाएगा। इसमें जागरूकता के साथ ही नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
एडीजी लॉ एंड आर्डर एपी अंशुमान ने बताया कि अभियान के लिए एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह को नोडल अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक ऋषिबल्लभ चमोला को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिलों में की जा रही कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन के तहत नोडल अधिकारी नियुक्त रहेंगे। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबारियों पर राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने, केंद्रीय नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, क्षेत्रीय स्वापक नियंत्रण ब्यूरो सहित अन्य विभागों के अधिकारियों और सीमावर्ती राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय और सूचनाएं आदान-प्रदान कर आरोपियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा जिलों में संवेदनशील स्थानों, होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, पान-सिगरेट की दुकान और मादक पदार्थों के कारोबार वाले स्थान,सभी जिलों, रेंज स्तर पर तस्करी रूट को चिह्नित करने के लिए भी कहा गया है। अभियान में नशीली दवाओं से जुड़े अपराधों की जांच और आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए ईडी और एफआईयू विभाग की मदद भी ली जाएगी।