रुड़की के एक कॉन्वेंट स्कूल के कर्मचारी के मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबर से कॉल आई तो घबराकर सीधे कोतवाली पहुंच गया। अपने साथी को लेकर कोतवाली पहुंचे कर्मी ने पुलिस को आपबीती बताई। पुलिस ने कर्मी को समझा बुझाकर संतुष्ट किया।
मोहनपुरा मोहम्मदपुर निवासी आशीष कुमार शहर के एक कॉन्वेंट स्कूल में कर्मचारी है। आशीष के मोबाइल पर एक अंजान नंबर से मिस्ड कॉल आई। नंबर की शुरूआत 92 प्लस से होने के चलते उसका माथा ठनका और कॉल रिसीव नहीं की।
कई बार आ चुकी है मिस्ड काल
इसके बाद आशीष ने इस नंबर को सर्च किया तो वह पाकिस्तान का निकला। उसने अपने साथी को इसकी जानकारी दी और उसे साथ लेकर कोतवाली सिविल लाइंस पहुंचा। आशीष ने पुलिस को बताया कि ऐसी कॉल कई बार आ चुकी है। इस काल की वजह से वह टेंशन में है।
कोतवाली प्रभारी योगेन्द्र पाल सिंह भदौरिया ने उसे समझाया कि परेशान होने की कोई बात नहीं है। कई बार कॉल सेंटर से भी गलत नंबर से कॉल चली जाती है फिर भी इसकी जांच कराई जाएगी।