ऋषिकेश-चंबा हाईवे पर रविवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घनसाली से ऋषिकेश जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। बस में सवार सभी 16 यात्री बाल-बाल बच गए। हादसे को पुलिस ने बस चालक की लापरवाही मानते हुए चालक का लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को भेज दिया है।
रविवार को एक बस घनसाली से ऋषिकेश जा रही थी। चंबा से सात किमी आगे ऋषिकेश की तरफ थान गांव के समीप बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरा गई। यह देखते ही चालक के पास बैठे यात्री ने स्टेयरिंग को थामकर सड़क की ओर मोड़ दिया।
इस पर बस एक पेड़ को उखाड़ती हुई, दूसरे पेड़ पर अटक गई और खाई में जाने से बच गई। इस भयानक मंजर को देखकर बस में बैठे 16 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बस चालक को चक्कर आ गया था, जिससे यह हादसा हुआ।
बस चालक स्वस्थ नहीं है, उसे चक्कर आते हैं। भविष्य में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कपकोट निवासी बस चालक भीम सिंह पुत्र बल बहादुर सिंह का लाइसेंस निरस्त करने के लिए संभागीय परिवहन विभाग को भेज दिया गया है।