ऋषिकेश के चीला-बैराज मार्ग पर टीजीएमओ की बस बेकाबू होकर पलट गई। शुक्र है बस मार्ग किनारे चीला शक्ति नहर में नहीं गिरी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे में चालक समेत सात लोग घायल हुए हैं। सभी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस में कुल 15 लोग सवार थे।
बुधवार दोपहर डेढ़ बजे टीजीएमओ की बस घनसाली, टिहरी गढ़वाल से सवारियां लेकर पथरी, हरिद्वार जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस जैसे ही चीला-बैराज मार्ग पर जंगलात चौकी से आगे बढ़ी, तभी कुनाऊं गांव के पास बेकाबू होकर मार्ग पर पलट गई।
हादसे में अनूप सिंह (26) पुत्र चिरंजीलाल निवासी देवप्रयाग, अरविंद सिंह (23) पुत्र श्यामकरण चौहान निवासी नई टिहरी, राजेंद्र प्रसाद (53) पुत्र विश्वनाथ निवासी गूलर दोगी पट्टी, स्वामी संपूर्णानंद (71) पुत्र पीजी मुखर्जी निवासी आंध्रा आश्रम, ऋषिकेश, अभिषेक (12) पुत्र स्व. आनंद निवासी आरके मिशन, हरिद्वार, चालक साहूकार सिंह (52) पुत्र बचन सिंह निवासी चंबा, बस मालिक हिकमत सिंह रावत (57) पुत्र भगवान सिंह निवासी ग्राम दिखोल, चंबा घायल हो गए।