रेल मंत्रालय के सहयोग से जल्द ही देश में हाईस्पीड और बुलेट ट्रेन सहित विभिन्न रेल परियोजनाओं पर शोध के लिए आईआईटी रुड़की में रेलवे रिसर्च सेंटर की स्थापना होगी।
इस सेंटर में रेलवे इंजीनियरिंग के क्षेत्र में काम कर रहे संस्थान के वैज्ञानिकों को शामिल किया जाएगा। संस्थान में इससे पहले इस दिशा में कई शोध परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिसके चलते रेल परियोजनाओं पर साझा शोध के लिए वर्ष 2014 में यूके की साउथम्टन यूनिवर्सिटी के साथ भी संस्थान का एमओयू साइन हुआ है।
देश में हाईस्पीड ट्रेनों का संचालन नरेंद्र मोदी सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। केंद्र के मेड इन इंडिया कार्यक्रम के तहत इस परियोजना के लिए देश में ही आधारभूत ढांचा विकसित करने की कवायद शुरू हो गई है।
जिसके तहत आईआईटी रुड़की में रेल मंत्रालय की ओर से रेलवे रिसर्च सेंटर की स्थापना की जाएगी। इसके लिए केंद्र और रेलवे मंत्रालय की ओर की जा रही प्रक्रिया अपने अंतिम दौर में हैं।