ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नगर निगम प्रशासन शुक्रवार को पलटन बाजार और धामावाला में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा। अभियान के दौरान बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। अभियान के लिए भी निगम प्रशासन ने पुलिस की मदद मांगी है। वहीं निगम प्रशासन ने लोगों को खुद ही अतिक्रमण हटाने के लिए 48 घंटे का समय दिया है।
नगर निगम प्रशासन की चेतावनी से पलटन बाजार और धामावाला में बृहस्पतिवार को अफरातफरी का माहौल रहा। कई दुकानदार, कारोबारी बृहस्पतिवार को बारिश के बीच खुद ही अवैध निर्माण तोड़ते रहे। वहीं कारोबारियों द्वारा तोड़े गए अतिक्रमण का मलबा बाजार की मुख्य सड़कों पर ढेर हो गया है। इससे राहगीरों का काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर आयुक्त विनय शंकर पांडे का कहना है कि कब्जेदारों के सामने दो ही विकल्प हैं या तो वे स्वत: अतिक्रमण हटा लें या फिर नगर निगम प्रशासन द्वारा हटाया जाएगा। नगर निगम प्रशासन द्वारा कब्जा हटाने पर कब्जेदारों से मलबा उठाने का शुल्क भी वसूला जाएगा।
कारोबारियों ने किया अभियान का समर्थन
बाजार के ज्यादातर कारोबारियों ने अतिक्रमण हटाओ अभियान का समर्थन किया है। कारोबारी अनिल कुमार गोयल, तेज प्रकाश तलवार व एसपी गोयल का कहना है कि अतिक्रमण की इजाजत किसी को भी नही दी जानी चाहिए। बाजार के बीचोबीच अतिक्रमण से कारोबारियों के साथ खरीदारी करने पहुंचे शहरियों को भी परेशानी होती है। डॉ. मनोज भारद्वाज का कहना है कि बाजार में अतिक्रमण बड़ी समस्या है इसका निदान होना ही चाहिए।