फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: उत्तराखंड के अतीक अहमद की कोठी पर चला बुलडोजर

विज्ञापन
विज्ञापन
दूसरों की जमीनों को धोखाधड़ी से कब्जाने वाले उत्तराखंड के गैंगस्टर अतीक अहमद की कोठी को पुलिस ने बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। तुंतोवाला में डेढ़ बीघा जमीन पर बनी कोठी को ध्वस्त करने में पांच घंटे लगे। यह कोठी उसने नदी और नाले की जमीनें कब्जाकर बनाई थी।
विज्ञापन

पुलिस ने इसके गिरोह के अन्य सदस्यों की संपत्तियों को भी चिह्नित किया है। जल्द उनकी संपत्तियों पर भी बुलडोजर चलाने की तैयारी है। शहर क्षेत्र में इस तरह की यह पहली कार्रवाई है जिसमें किसी गैंगस्टर की इतनी बड़ी संपत्ति को ध्वस्त किया गया है। पटेलनगर के तुंतोवाला में रहने वाले 58 वर्षीय अतीक अहमद के जुर्म की कहानी वर्ष 2016 में शुरू हुई थी। उसने प्रेमनगर क्षेत्र में एक बेशकीमती जमीन के दस्तावेज बनाए और अपने पांच साथियों के साथ कब्जा कर लिया। पुलिस ने जांच के बाद उसके खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी और आपराधिक षडयंत्र का मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी को उस वक्त जेल भेज दिया गया। लेकिन, कुछ समय बाद ही वह जमानत मिलने पर बाहर आ गया। इसके बाद उसने वर्ष 2021 में शहर कोतवाली क्षेत्र में दो जमीनों को धोखाधड़ी से बेच डाला। दो लोगों से लगभग एक करोड़ रुपये से भी ज्यादा की धोखाधड़ी की। पिछले साल जब डीजीपी अशोक कुमार के निर्देश पर जालसाजों के खिलाफ अभियान चला तो उसके खिलाफ कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया। मुकदमा दर्ज होते ही अतीक अहमद शहर छोड़कर भाग गया। इसके बाद पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।
विज्ञापन

इंस्पेक्टर वसंत विहार होशियार सिंह की टीम ने उसे चार मई को गिरफ्तार कर लिया। उसकी संपत्तियों की जांच हुई तो पता चला कि उसने तुंतोवाला में करीब डेढ़ बीघा जमीन पर आलीशान कोठी बनाई है। यह जमीन नाले और नदी की है। पुलिस ने प्रशासन को रिपोर्ट सौंपी तो जिलाधिकारी ने इसे ध्वस्त करने के आदेश जारी कर दिए। इसी क्रम में एसपी सिटी सरिता डोबाल के नेतृत्व में शनिवार को प्रशासन और नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची और कोठी को ध्वस्त कर दिया।


सामान निकालने के लिए दो घंटे की मोहलत

पुलिस ने एक सप्ताह पहले ही इस मकान से सामान निकालने के लिए अतीक अहमद के परिवार वालों को नोटिस जारी कर दिया था। लेकिन, कार्रवाई के समय तक भी बड़ी संख्या में सामान घर के अंदर रखे थे। इस बीच पुलिस ने दो घंटों की मोहलत दी। तब तक मकान के बगल में बनी बाउंड्री वॉल पर बुलडोजर चला।



पांच घंटे चली कार्रवाई

तुंतोवाला में दो मंजिला कोठी से सटाकर अतीक ने दूसरा अहाता भी बनाया हुआ है। पुलिस टीम ने दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वहां पर बुलडोजर चलाना शुरू किया। करीब 150 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई हुई। शाम लगभग साढ़े पांच बजे पूरे निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा अतीक की एक एसयूवी भी प्रशासन जल्द जब्त करने वाला है।


डकैती के आरोपी के घर चला था बुलडोजर, छह अन्य निशाने पर
बता दें कि गैंगस्टर की संपत्ति ध्वस्त करने का शहर क्षेत्र में यह पहला मामला है। कुछ दिन पहले डोईवाला में मंत्री के भाई के घर डकैती डालने के आरोपी का मकान ध्वस्त किया गया था। अब जिले में छह और गैंगस्टर की संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होनी है। इनमें सबसे पहला नंबर पटेलनगर के गैंगस्टर साजिद का आने वाला है। उसके खिलाफ भी विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

दो करोड़ की कीमत की कोठी में थे 12 कमरे
बताया जा रहा है कि गैंगस्टर अतीक अहमद ने 11 साल पहले यह कोठी बनवाई थी। फिलहाल इसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी जा रही थी। इसमें कुल 12 कमरे थे। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे।

25 दिन में ही जेल से बाहर आ गया
पुलिस ने गैंगस्टर के मुकदमे के बाद चार मई को अतीक को गिरफ्तार किया था। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। लेकिन, वह अपने रसूख के चलते केवल 25 दिन में ही बाहर आ गया। अतीक को पांच दिन पहले जेल से जमानत मिल चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें