कोतवाली क्षेत्र के बाढ़वाला में तेज रफ्तार बाइक ने सांड को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। उन्हें लेहमन अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, टक्कर के दूसरे दिन सांड की मौत हो गई।
कोतवाली पुलिस को सोमवार की रात बाढ़वाला में ट्रक यूनियन कार्यालय के पास दो युवकों के घायल होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि बाइक सवार कालसी से विकासनगर की ओर रहे थे। बाइक की रफ्तार तेज थी। बाढ़वाला में बाइक ने सांड को टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक सवार और सांड गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों की पहचान सचिन धीमान (23) और अंकित स्वामी (28) के रूप में हुई है। दोनों जमनीपुर के रहने वाले हैं।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के दौरान सांड मौके से भाग गया था। मंगलवार को जानकारी मिली की उसकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया पुलिस ने सांड की अंतिम क्रिया की।