देहरादून कोतवाली पुलिस ने फ्लैट बेचने की धोखाधड़ी के आरोप में शहर के बिल्डर अविनाश कपूर की बहू और बड़े बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को काफी समय से कपूर परिवार की तलाश है। आरोपी परिवार संपत्ति बेचकर रातों-रात फरार हो गया था।
शहर के लुनिया मोहल्ला निवासी चरणजीत सिंह नागपाल ने गत जून में मुकदमा दर्ज कराया था कि 2014 में अविनाश कपूर और उसके बेटे रोहन कपूर ने विजय पार्क स्थित एक फ्लैट का सौदा 60 लाख रुपये में किया था। इनमें से 45 लाख रुपये कपूर ने अपनी बेटी रूपा कपूर और दामाद कुणाल कपूर को दिए थे।
2017 में उन्हें पता चला कि रूपा कपूर और कुणाल ने यह फ्लैट किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। विरोध किया तो आरोपी पक्ष ने 16 लाख 50 हजार रुपये और लेकर जाखन का फ्लैट देने का आश्वासन दिया। मई 2019 में रजिस्ट्री होना तय हुआ, लेकिन आरोपी संपत्ति बेचकर गायब हो गए।
शहर कोतवाल शिशुपाल नेगी ने बताया कि काफी समय से फरार आरोपी रूपा कपूर निवासी इंजीनियर्स एन्क्लेव और उसके जेठ रोहन कपूर निवासी गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जबकि अन्य की तलाश में दबिश चल रही है। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि इस परिवार के खिलाफ बसंत विहार और राजपुर थाने में मामले दर्ज हैं। जिनमें आरोपियों की तलाश की जा रही है।