बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने को लेकर पुलिस महकमे ने कमर कस ली है। एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी ने बैठक कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पूरा मेला क्षेत्र को छह जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है। पूरे मेला क्षेत्र की जिम्मेदारी एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय को दी गई है।
एसएसपी ने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ने का अनुमान है। इसलिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए चाक चौबंद व्यवस्था कर दी गई है। एसएसपी ने कहा कि स्नान पर्व में आने वाले हर श्रद्धालु से पुलिसकर्मी विनम्रता से पेश आएं ताकि पुलिस की गलत छवि लेकर श्रद्धालु यहां से न जाए। उन्होंने कहा कि विशेषकर यातायात को लेकर पुलिसकर्मी सजग रहे और मोबाइल फोन का इस्तेमाल ड्यूटी के दौरान बिलकुल न करें। इस दौरान एसपी अपराध मंजूनाथ टीसी, एसपी देहात नवनीत सिंह भुल्ला, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय समेत क्षेत्राधिकारी, इंस्पेक्टर, एसओ एवं पुलिस फोर्स मौजूद रही।
इतना फोर्स रहेगा तैनात
चार सीओ, पांच प्रशिक्षु सीओ, सात निरीक्षक एसओ, 37 एसआई, आठ महिला एसआई, 19 हेड कांस्टेबल, 192 कांस्टेबल, 76 महिला कांस्टेबल, एक टीएसआई, सात हेड कांस्टेबल यातायात, 20 यातायात कांस्टेबल, 16 कर्मचारी एलआईयू, एक टीम बीडीएस, फायर पुलिस, जल पुलिस एवं चार कंपनी पीएसी की तैनाती की गई है।
बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर यातयात प्लान का खाका खींचा गया है। शनिवार तड़क से ही भारी वाहन हाईवे पर पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। यातायात कर दबाव अधिक होने पर डायवर्जन प्लॉन लागू होगा, अन्यथा यातायात व्यवस्था सामान्य ही रहेगी।
एसपी यातायात मंजूनाथ टीसी ने अधीनस्थों के साथ मिलकर यातायात प्लान तैयार किया है। स्नान पर्व काल शुरू होने के साथ ही भारी वाहन हाईवे पर फर्राटा नहीं भर सकेंगे। हर दिशा से आने वाले भारी वाहन को उस क्षेत्र में निर्धारित किए गए स्थान पर ही रोका जाएगा। जैसे कि चमगादड़ टापू, चिड़ियापुर, कांगड़ी, जगजीतपुर, ख्याती ढाबा, सलेमपुर, राजा बिस्कुट, कोर कालेज, बिझौली बाईपास का चयन कर लिया गया है। ये सभी प्वाइंट जिले की अलग अलग दिशा में है। हाईवे पर रेहड़ी, ठेली, तांगा और भैसा बुग्गी नहीं चल सकेंगे। यातायात का दबाव अधिक होने की दशा में ई रिक्शा, साइकिल रिक्शा, छोटा हाथी, पिकअप, लोडर, विक्रम के भी पहिए नहीं घूम सकेंगे।
हाईवे पर यातायात का दबाव अधिक होने पर वेस्ट यूपी से आ रहे वाहन सीधे न आकर वॉया फलोदा, लक्सर, खानपुर, फेरुपुर होते हुए यहां पहुंचेगे। ऋषिकेश देहरादून आने जाने के लिए चीला मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा। जैसे कि चंडीघाट से यातायात को चीला की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वैसे ही बिजनौर से आ रहे वाहन भी चीला मार्ग से होते हुए ही ऋषिकेश के लिए रवाना होंगे। ऋषिकेश से दिल्ली जाने के लिए चीला मार्ग से मीरापुर, मेरठ होते हुए जाना होगा। यातायात निरीक्षक हितेश कुमार ने यातायात प्लॉन श्रद्धालुओं की भीड़ के अनुसार ही लागू होगा।