प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर चल रही तैयारियों की दिनभर समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों से तैयारियों को लेकर जानकारी ली। पीएम सुबह आठ बजे जौलीग्रांट पहुंच रहे हैं, जिसके लिए वहां सुरक्षा का पर्याप्त बंदोबस्त किया गया है। पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अशोक कुमार ने एयरपोर्ट पहुंच सुरक्षा तैयारियों को लेकर बैठक भी ली।
पीएम के सुबह नौ बजे केदारनाथ पहुंचने से पहले वहां की व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव उत्पल कुमार ने उच्चाधिकारियों से जानकारी ली। दोनों धामों पर सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद करने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं आए। हालांकि सुरक्षा कारणों से पीएम की पूजा अर्चना के समय अन्य श्रद्धालुओं का प्रवेश नहीं होगा, लेकिन उसके बाद यात्रा यथावत चलेगी। इस दौरान सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को धाम पहुंचने की अनुमति मिलेगी।
उधर, जौलीग्रांट में पीएम के पहुंचने के लिए तमाम तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री केवल 15 मिनट के लिए ही एयरपोर्ट पर रुकेंगे। इस दौरान राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत उनकी अगवानी कर सकते हैं। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का मुआयना करने शुक्रवार को एयरपोर्ट पहुंचे। वहां एसडीआरएफ की टीम को भी उन्होंने दिशानिर्देश दिए।