-मार्च में खाद्य सुरक्षा विभाग ने आठ कारोबारियों पर लगाया था एक लाख का जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नवरात्र से पहले कुट्टू और सिंघाड़े के आटे तथा घी की गुणवत्ता जांचने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने यह कदम पिछले वर्ष नवरात्र में लोगों को हुई परेशानी को ध्यान में रखते हुए उठाया है।
गौरतलब है कि खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार खाद्य पदार्थों के नमूने ले रहा है। बड़ी संख्या में नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इतना ही नहीं मार्च में ही आठ दुकानदारों पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग मनीष सयाना ने बताया कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपवास रखते हैं। ऐसे में कुट्टू के आटे की बिक्री बढ़ जाती है। पिछली बार बड़ी संख्या में लोग कुट्टू का आटा खाकर बीमार हुए थे। इसको ध्यान में रखते हुए पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को कारगी और सरस्वती विहार क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुट्टू के आटे के दो नमूने और नमकीन का एक नमूना जांच के लिए भेजा गया।