-मजदूरों का पंजीकरण न होने और न्यूनतम वेतन न मिलने का उठाया मुद्दा
-टूल किट और साइकिल वितरण में घोटाले का आरोप, समस्याएं न सुलझने पर आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं के संबंध में श्रम कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने श्रम विभाग के डिप्टी आयुक्त विपिन कुमार को ज्ञापन सौंपा।
कार्यकर्ता सुबह करीब 11:30 बजे कांग्रेस भवन में एकत्र हुए और वहां से राजपुर रोड स्थित श्रम विभाग के डिप्टी कार्यालय तक पहुंचे। कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर श्रमिकों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सिंह कौशल ने ज्ञापन पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजदूरों का रजिस्ट्रेशन सही तरीके से नहीं हो पा रहा है और उन्हें न्यूनतम वेतन भी नहीं मिल रहा है। कई मजदूरों से 12 घंटे काम कराया जा रहा है लेकिन उन्हें 8 घंटे का भी पूरा वेतन नहीं मिल रहा। ऐसी स्थिति में असंगठित क्षेत्र के श्रमिक खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
दिनेश सिंह ने साइकिल और टूल किट वितरण में घोटाले का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। इस मौके प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष किशोर उनियाल मुख्य महासचिव पूनम कंडारी, पंडित कांति वल्लभ भट्ट, चंद्रपाल, विनोद कुमार, हरेंद्र बेदी आदि मौजूद रहे।