प्रत्याशियों की घोषणा करते पार्टी महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी
- फोटो : AmarUjala
बसपा से तीन बार के विधायक हरिदास का टिकट पार्टी ने काट दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बुधवार को रुड़की और झबरेड़ा विधानसभा सीट के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी।
पार्टी ने झबरेड़ा से सीटिंग विधायक हरिदास का टिकट काटते हुए भागमल को प्रत्याशी घोषित किया। रुड़की से रामशुभग सैनी को मैदान में उतारा है। हालांकि टिकट कटने के बाद भी हरिदास ने पार्टी के निर्णय के साथ होने की बात कही।
हरिद्वार रोड स्थित एक बारात घर में आयोजित जनसभा में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मंच से रुड़की और झबरेड़ा से पार्टी प्रत्याशी घोषित किए।
टिकट की घोषणा होते ही उतर गया हरिदास का चेहरा
बसपा महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी
- फोटो : AmarUjala
रुड़की से जहां पार्टी ने नए चेहरे पर दांव खेला है, वहीं झबरेड़ा से पार्टी विधायक हरिदास का टिकट काटकर भागमल पर दांव लगाया है। पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा होते ही मंच पर बैठे हरिदास का चेहरा उतर गया।
इससे पहले बसपा के नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने बारी-बारी से उत्तराखंड को लूटने का काम किया है। दोनों ही पार्टियां उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख बड़े-बड़े दावे और घोषणाएं कर जनता को गुमराह कर रही हैं। लेकिन अब जनता इनके झांसे में नहीं आएगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र में अच्छे दिनों का सपना दिखाकर भाजपा ने सरकार बनाई लेकिन, आज तक 20 फीसदी वादे भी पूरे नहीं कर पाई।
हरीश रावत पर निशाना, बताया घोटालेबाज
सीएम हरीश रावत
- फोटो : Self
दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस की हालत उससे भी खराब हैं। मुख्यमंत्री हरीश रावत पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने उत्तराखंड में घोटाले के अलावा कुछ नहीं किया। प्रदेश में बसपा को तीसरा विकल्प बताते हुए जनसभा में उपस्थित लोगों से उन्होंने समर्थन मांगा।
जनसभा की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भृगुराशन राव ने की। इस अवसर पर पार्टी के सभी प्रदेश प्रभारी और जिलाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।