देहरादून। सुद्धोवाला के एक हास्टल में छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा के गले में चुन्नी का फंदा लगा हुआ मिला है। बेहट की यह छात्रा हॉस्टल में रहकर बीएससी के साथ फैशन डिजाइन का कोर्स कर रही थी।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सुद्धोवाला स्थित भावना गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्रा के शुक्रवार रात भोजन के समय दरवाजा नहीं खुला तो गार्ड को शक हुआ। आवाज लगाने के बाद अंदर से कोई जवाब नहीं आया। धक्का मारकर दरवाजा खोला गया। कमरे के अंदर छात्रा बेहोश पड़ी थी। उसके गले में चुनरी का फंदा लगा था। सांसें चलने के कारण 108 की मदद से छात्रा को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। एसओ धर्मेंद्र रौतेला ने बताया कि छात्रा ऋतु सैनी (20) सहारनपुर जिले में आलमपुर खुर्द (बेहट) की रहने वाली है। ऋतु प्रेमनगर के एक संस्थान में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी। इसके अलावा वह फैशन डिजाइन का कोर्स भी कर रही थी। अभी कुछ भी कहना मुमकिन नहीं है। पुलिस तमाम संभावनाओं पर काम कर रही है।