फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड भाजपा में भड़की विरोध की चिंगारी, पार्टी दफ्तर पर तोड़फोड़

Wed, 25 Jan 2017 01:23 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
भाजपा दफ्तर मे तो़ड़फोड़ - फोटो : AmarUjala
विज्ञापन
टिकट बंटवारे के बाद भाजपा में विरोध की जो चिंगारी सुलगनी शुरू हुई है उसकी आग मंगलवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय तक पहुंच गई। धर्मपुर विधानसभा सीट से भाजपा महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल और क्लेमेंटटाउन कैंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी को टिकट नहीं दिए जाने के विरोध में उनके समर्थकों ने पार्टी प्रदेश कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन


प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यालय पर लगी फ्लैक्सी को फाड़ दिया गया और शीशे भी तोड़ दिए गए। हालांकि भाजपा नेताओं का दावा है कि तोड़फोड़ करने वाले कांग्रेस का कार्यकर्ता थे, जो भीड़ के साथ घुस आए थे। बाद में उमेश और कंडारी अपने-अपने समर्थकों को समझा बुझाकर पार्टी कार्यालय से वापस ले गए।

मेयर विनोद चमोली को टिकट दिए जाने का विरोध

भाजपा कार्यालय में उलझे कार्यकर्ता - फोटो : AmarUjala
धर्मपुर विधानसभा सीट से भाजपा ने विनोद चमोली को टिकट दिया है। चमोली को प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध इस विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार उमेश अग्रवाल के समर्थक कर रहे हैं।

अग्रवाल के समर्थक मंगलवार दोपहर लगभग 12.30 बजे बलबीर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पहुंच गए और नारेबाजी करनी शुरू कर दी। उनके समर्थकों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, जिन्होंने पार्टी कार्यालय परिसर में कीर्तन शुरू कर दिया।

इस दौरान धर्मपुर विधानसभा सीट से ही पार्टी टिकट के एक अन्य दावेदार भूपेंद्र कंडारी भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। कंडारी के समर्थन में आई महिलाओं ने भी प्रदेश कार्यालय पर नारेबाजी शुरू कर दी। 

पार्टी नेताओं की तस्वीर वाली फ्लैक्सी फाड़ी

भाजपा कार्यालय देहरादून - फोटो : AmarUjala
इसी दौरान पार्टी कार्यालय पर लगी फ्लैक्सी फाड़ दी गई, जिस पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की तस्वीर लगी थी। साथ ही प्रवक्ता के कमरे के बाहर गलियारे में लगा शीशा भी तोड़ दिया। तोड़फोड़ के बाद पार्टी कार्यालय पर हंगामा शुरू हो गया और सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।

इस दौरान उमेश अग्रवाल भी पार्टी कार्यालय पर पहुंच गए। अग्रवाल के पहुंचने के बाद उनके समर्थकों ने भाजपा से सामूहिक रूप से इस्तीफा देने की पेशकश कर दी और इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष के कार्यालय में भेज दिया।

बाद में उमेश अग्रवाल अपने समर्थकों को समझा बुझाकर वापस ले गए। उन्होंने अपने समर्थकों से इस्तीफा वापस ले लेने की अपील की। इस दौरान लगभग दो घंटे तक पार्टी कार्यालय पर अफरातफरी का माहौल रहा। 
विज्ञापन

दोनों दावेदारों ने खुद को बताया पार्टी का अनुशाशित सिपाही

भाजपा कार्यालय देहरादून - फोटो : AmarUjala
मैं पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता हूं। पार्टी ने जो फैसला लिया है वह मुझे मंजूर हैं। मुझे टिकट नहीं मिलने से मेरे समर्थकों थोड़े नाराज जरूर हुए हैं। उनको समझा लिया जाएगा। जहां तक पार्टी कार्यालय पर तोड़फोड़ का सवाल है मेरे किसी समर्थक ने ऐसा नहीं किया है। भीड़ का फायदा उठाकर कांग्रेसियों ने ऐसी शरारत की है। ना तो मैं पार्टी से इस्तीफा दे रहा हूं और ना ही निर्दलीय चुनाव लड़ूंगा। महानगर अध्यक्ष के नाते मेरी कोशिश विधानसभा की सभी सीटों पर पार्टी को जीत दिलाने की होगी। 
-उमेश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष भाजपा 

पार्टी ने धर्मपुर विधानसभा सीट से बाहरी व्यक्ति को टिकट दे दिया है। मैं भी कई सालों से पार्टी की सेवा कर रहा हूं। टिकट का दावेदार मैं भी था। दूसरे विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति को टिकट दिए जाने से मेरे समर्थकों की भावनाएं आहत हुई है। मेरे समर्थक तो पार्टी हाईकमान तक अपनी बात पहुंचाने आए थे। तोड़फोड़ किसने की इसकी जांच होनी चाहिए। मैं पार्टी का अनुशासित सिपाही हूं। पार्टी का जो निर्देश होगा उस पर अमल करूंगा।
- भूपेंद्र कंडारी, क्लेमेंटटाउन कैंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष


पार्टी कार्यालय पर जो कुछ भी हुआ है उसके बारे में मुझे पूरी जानकारी नहीं है। इस बारे में पता करने की कोशिश की जाएगी। महानगर अध्यक्ष से घटना के बारे में जानकारी हासिल की जाएगी। वह तो यही कह रहे हैं कि तोड़फोड़ करने वाले दूसरे दल के कार्यकर्ता थे। फिर भी आवश्यकता हुई तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।   
- अजय भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें