स्कूलों में नियुक्ति की मांग पर मुख्यमंत्री आवास कूच करते बीपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 172 बेरोजगारों को कुछ देर तक पुलिस लाइन में बिठाए रखने के बाद रिहा कर दिया गया।
बेरोजगारों के परिजन भी पहुंचे
बीपीएड, एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार प्रदेश के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में वर्षवार नियुक्ति की मांग पर आमरण अनशन कर रहे हैं। सोमवार को परेड ग्राउंड स्थित अनशनस्थल पर बेरोजगारों के परिजन भी पहुंचे। इसके बाद सभी नारेबाजी करते हुए सीएम आवास के लिए निकले। बेरोजगारों ने कहा कि शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री कई बार नियुक्ति का आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन यह सिर्फ झूठा वादा है।
जुलूस के ग्लोब चौक पर पहुंचते ही पुलिस ने बेरोजगारों को रोक लिया। यहां पुलिस और बेरोजगारों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। इस दौरान कुछ बेरोजगार चोटिल भी हो गए। पुलिस ने बेरोजगारों को गिरफ्तार कर उन्हें पुलिस लाइन में करीब तीन घंटे बैठाए रखने के बाद छोड़ दिया। प्रदर्शनकारियों में प्रदेश अध्यक्ष सुंदर धौनी, प्रदेश उपाध्यक्ष संपूर्णानंद सेमवाल, प्रदेश संरक्षक देवेंद्र कोरंगा, सूरज सिंह बुटोला, राजवीर सिंह, हिमांशु राजपूत, दिवाकर सिंह, योगेश वशिष्ठ आदि शामिल रहे।
सीएम से मिलेंगे बेरोजगार
बेरोजगार संगठन के प्रदेश संरक्षक देवेंद्र कोरंगा ने कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट जीसी गुणवंत ने बेरोजगारों को मुख्यमंत्री हरीश रावत से मिलाने का आश्वासन दिया है। बेरोजगार शाम सात बजे सीएम से मिलेंगे।