मदर्स-डे पर एक बेटे को उसकी मां हमेशा के लिए छोड़कर चली गई है। हादसा भगवानपुर-गागलहेड़ी मार्ग पर हुआ। जिसमें एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें एक युवक घायल हो गया। जबकि उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गई। युवक को मां की मौत की खबर लगते ही वह सदमे में चला गया।
युवक के पिता को भी हल्की चोटें आई है। बाजूहेड़ी गांव निवासी अमित कुमार रविवार सुबह करीब नौ बजे अपनी मां बलदेयी (60 वर्ष) एवं पिता भगवान (64 वर्ष) को बाइक पर बैठाकर भगवानपुर-गागलहेड़ी मार्ग से सहारनपुर की ओर जा रहा था। जब वह कालीनदी चेक पोस्ट के समीप पहुंचा तो सामने से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
जिससे बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। अमित और उसके पिता भगवान सड़क की एक साइड गिरे। जबकि उसकी मां बलदेयी दूसरी साइड गिरी और ट्रक के पहिये की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अमित और उसके पिता को हल्की चोटें आई।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों घायल हो उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि मृतका के शव का पंचनाम भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।