लाल पुल के पास खंभे में उतरे करंट से एक बालक की जान चली गई। करंट का झटका लगने से वह नाले में जा गिरा। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया।
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में लाल पुल के पास मंगलवार सुबह नाले में एक बालक पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की मदद से बालक को नाले से बाहर निकालकर दून अस्पताल भिजवा दिया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में बालक की पहचान मोहन (10) पुत्र कुश्रेश्वर साहनी निवासी कांवली रोड, शिवाजी मार्ग के रूप में हुई।
सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मोहन की मौत को लेकर हंगामा किया। पुलिस का कहना है कि नाले किनारे घटनास्थल के पास दो खंभों पर ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। उसमें से उतरे करंट से बालक की मौत हुई है।
विद्युत निगम के कर्मचारियों को बुलाकर उसे ठीक कराया गया। सड़क किनारे जाते समय खंभे को छूने से बालक को करंट लगा, जिससे झटका लगने पर वह नाले में जा गिरा। वहीं लोगों का कहना है कि खंभों में अक्सर करंट उतर आता है।
कई बार शिकायत करने के बाद वह ठीक नहीं किया जाता है। जिससे जान को खतरा बना रहता है। अब विद्युत निगम के कर्मचारियों की लापरवाही से एक बालक की जान चली गई।