बॉक्सर दुर्योधन सिंह नेगी और कवींद्र सिंह बिष्ट
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ के बॉक्सर दुर्योधन सिंह नेगी और कवींद्र सिंह बिष्ट 7 से 21 सितंबर तक रूस में होने वाली विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप प्रतिभाग करेंगे। जिला क्रीड़ाधिकारी संजीव कुमार पौरी ने बताया कि दोनों खिलाड़ी एक सितंबर को रूस के लिए रवाना हो गए हैं।
जिला क्रीड़ाधिकारी के अनुसार दुर्योधन सिंह नेगी 16 से 20 जुलाई तक अस्थाना कजाकिस्तान में हुई सातवीं प्रेजीडेंट कप अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। दुर्योधन सिंह नेगी भारतीय सेना में कार्यरत हैं और मुनस्यारी के रहने वाले हैं।
वह 22 फरवरी से 27 फरवरी तक ईरान में हुई प्रतियोगिता में रजत पदक, 20 से 24 मई तक गुवाहाटी में हुई द्वितीय इंडिया ओपन अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी रजत पदक जीत चुके हैं। कवींद्र सिंह बिष्ट पिथौरागढ़ के रई के निवासी हैं।
उन्होंने 17 अप्रैल से 27 अप्रैल तक बैंकाक (थाइलैंड) में हुई एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक जीता था। इसके अलवा कवींद्र 20 से 24 मई गुवाहाटी में हुई इंडिया ओपन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुके हैं।