अगर आप चारधाम यात्रा पर आने का मन बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। आने से पहले अगर आपको बुकिंग करनी है तो यह सबसे उपयुक्त समय है। अगर अभी से बुकिंग नहीं की तो आपको भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
चार धाम यात्रा का समय नजदीक आ गया है। जो संकेत उभर रहे हैं, वे बेहद अच्छे हैं। यात्रा के पक्ष में अनुकूल स्थितियां दिखाई दे रही हैं। बद्रीनाथ और केदारनाथ में पूजा के तयशुदा रेट बढ़ने हैं, लेकिन इसके बावजूद यात्री अग्रिम बुकिंग के प्रति उत्साह दिखा रहे हैं।
यात्रा की शुरुआत बहुत सही समय पर हो रही है। 28 अप्रैल का ये वो समय है, जब स्कूल-कॉलेजों में ग्रीष्मकालीन छुट्टी घोषित हो जाती है। कुल मिलाकर स्थिति अनुकूल है, अब बस देखना ये है कि सफल यात्रा के लिए सफल इंतजाम कहां तक पूरे हो पाते हैं। नई सरकार के ऊपर भी ये दारोमदार होगा, कि वह यात्रा की अपनी पहली परीक्षा में किस तरह का प्रदर्शन करती है।
हैली सेवा बढ़ा रही पूजा से राजस्व
बद्रीनाथ और केदारनाथ की हैली सेवा मंदिर की पूजा से होने वाली आमदनी को बढ़ा रही है। पिछले साल बद्रीनाथ में पूजा से कुल आमदनी तीन करोड़ 32 लाख आठ हजार 210 रुपये हुई थी। केदारनाथ में 47 लाख 41 हजार 461 रुपये की आमदनी पूजा से हुई।
केदारनाथ की हैली सेवा के किराये में अनिवार्य रूप से वीवीआईपी दर्शन के 1100 रुपये जोडे़ जाते हैं, हालांकि बद्रीनाथ के संबंध में ये अनिवार्यता नहीं है। समिति के सूत्रों के अनुसार, पिछले साल हैली सेवा की वजह से एक करोड़ से ज्यादा पूजा का राजस्व बढ़ा है।