ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूल्यागांव के पास एक बोलेरो जीप सड़क से लुढ़ककर अलकनंदा नदी में जा समाई।
शनिवार रात हुए इस हादसे के बाद सोमवार सुबह तक न तो वाहन का पता चल पाया और न ही इसमें सवार लोगों का। बताया जाता है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में महेंद्रा एंड महेंद्रा कंपनी के तीन कर्मचारी सवार थे। पुलिस का खोज-बचाव दल नदी में कांटा डालकर वाहन की खोज में जुटा है।
मूल्यागांव निवासी विक्रम चौहान ने रविवार सुबह देवप्रयाग थाना पुलिस को सूचना दी कि श्रीनगर की ओर मूल्यागांव के पास एक पिलर टूटा है। इससे लगता है कि कोई दुर्घटना हुई है। पुलिस ने विक्रम के बताए स्थान पर पहुंचकर खोजबीन की तो पहाड़ी में बोलेरो जीप की स्टेपनी, एक बैग, चप्पल और एक टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला।
दुर्घटना स्थल पर पत्थरों पर खून लगा होने से दुर्घटना होने की बात पुख्ता हो गई। पुलिस ने मोबाइल का सिम दूसरे मोबाइल में डालकर फोन बुक में दर्ज एक नंबर पर कॉल की तो दूसरी ओर से बताया गया कि मोबाइल नंबर राहुल सिसोदिया पुत्र आरपी सिंह निवासी सेक्टर छह फरीदाबाद का नंबर है।