ढंडेरा गांव के युवक की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। युवक रविवार शाम को घर से निकला था। परिजनों ने युवक की शिनाख्त की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
कोतवाली रुड़की अंतर्गत ढंडेरा गांव निवासी राव अमन (19) पुत्र राव रफेक खां रविवार शाम छह बजे के करीब घर से तैयार होकर निकला था, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। अमन के मोबाइल पर फोन किया गया तो उस पर घंटी जा रही थी, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
परिजनों ने सारी रात अमन की तलाश की, लेकिन उसका कुछ अता-पता नहीं चला हालांकि फोन पर घंटी जाती रही। इस बात की जानकारी परिजनों ने पुलिस को भी दी।
सोमवार सुबह करीब सात बजे जीआरपी रुड़की को ढंडेरा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने ट्रैक पर एक शव के पड़े होने की जानकारी दी। सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची। मृतक की जेब से मिले कागजात और मोबाइल आदि से उसकी पहचान राव अमन के रूप में हु्ई। पुलिस ने मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी।