हरिद्वार लक्सर मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात दो गुटों में खूनी संघर्ष हुआ। हॉकी, डंडे, सरिये का खुलकर इस्तेमाल एक दूसरे पर इस्तेमाल किया। सरेराह हुए खूनी संघर्ष से अफरा तफरी मच गई। कई युवकों के घायल होने की सूचना है।
इस संबंध में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना बृहस्पतिवार देर रात सतीकुंड के पास घटित हुई। दो युवकों के बीच हुई तू तू मैं मैं ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आमने सामने पहुंचे दोनों गुटों ने एक दूसरे पर हमला बोला। सरेराह युवकों ने एक दूसरे को हॉकी, डंडे और सरिये से दौड़ा दौड़ा कर पीटा।
सरेराह हुई मारपीट से सड़क पर भगदड़ की स्थिति मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी दौड़ी लेकिन तब तक दोनों गुट वहां से निकल गए।
देर रात ही एक गुट के परमेश चंद्र ने अपने मामा प्रभुदयाल, उनके पुत्र राकेश, प्रद्युमन की हत्या के प्रयास के आरोप में भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष अमरदीप चौधरी, उसके भाई बादल चौधरी, अमित कुमार, गौरव चौहान, सिमरनजीत सिंह, संजय त्यागी, अक्षय जाट, सुमित, विवेक सैनी, सोनू राठी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
इधर, शुक्रवार को दूसरे पक्ष के हेमंत चंचल निवासी बिल्वकेश्वर रोड वाल्मीकि बस्ती ने सौरभ सिंह, सुमित त्यागी, कुलदीप, राकेश कुमार, प्रद्युमन कुमार समेत 30 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। एसओ अनुज सिंह ने बताया कि क्रॉस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी गई है।