उत्तराखंड शासन ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की डीपीसी के बाद बृहस्पतिवार को प्रमोशन सूची जारी कर दी। छह खंड शिक्षा अधिकारियों को उप निदेशक बनाया गया है। इनमें चार अधिकारी पहले से ही उच्च पद पर तैनात है, इसलिए तैनाती स्थल पर ही उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव डा. रणवीर सिंह की ओर से जारी प्रमोशन सूची में खंड शिक्षा अधिकारी पदमेंद्र सकलानी, नरेश शर्मा, परमेंद्र कुमार, डा. शिवपूजन सिंह, विनोद कुमार ढौंडियाल और गोपाल स्वरूप का नाम शामिल है। इन्हें अभी वेतनमान 15600-39100 ग्रेड वेतन 6600 मिल रहा था।
उप निदेशक पद पर अधिकारियों को वेतनमान 15600-39100, ग्रेड वेतन 7600 मिलेगा। पहले से ही उच्च पद पर तैनात होने के कारण पदमेंद्र सकलानी, परमेंद्र कुमार, डा. शिवपूजन सिंह व विनोद कुमार ढौंडियाल वर्तमान तैनाती स्थल पर ही पदोन्नत पद के सापेक्ष कार्यभार ग्रहण करेंगे।
जबकि उप निदेशक बने नरेश शर्मा की तैनाती का आदेश अलग से जारी होगा। वहीं उप निदेशक बने गोपाल स्वरूप को 31 दिसंबर 2016 को उप निदेशक श्याम लाल आर्य के सेवानिवृत्त होने पर पदोन्नति के पद पर कार्यभार ग्रहण कराया जाएगा।