नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने प्रदेश में ब्लैक फंगस (म्यूरोमाइकोसिस) के इंजेक्शन की कमी को लेकर राज्य सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बीमारी को महामारी घोषित तो कर दिया है लेकिन राज्य में इसके इलाज के लिए इंजेक्शन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं? जिस कारण एक बड़ा संकट नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को केवल 50 इंजेक्शन ही उपलब्ध कराए थे, जो कि वर्तमान में समाप्त हो चुके हैं। राज्य में ब्लैक फंगस (म्यूरोमाइकोसिस) के रोगियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इंदिरा के मुताबिक, उन्होंने 22 मई को इंजेक्शन की आवश्यकतानुसार उपलब्ध कराने को लेकर मुख्यमंत्री से दूरभाष पर बात की थी। उनसे शीघ्र राज्य में इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने को कहा था।
बकौल इंदिरा, मेरे पास लगातार एम्स ऋषिकेश से दो मरीजों के फोन आ रहे हैं जो कि ब्लैक फंगस (म्यूरोमाइकोसिस) से ग्रस्त हैं। परंतु उन्हें इंजेक्शन प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं। जिस कारण उनकी जान का खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि तत्काल राज्य में महामारी घोषित ब्लैक फंगस (म्यूरोमाइकोसिस) के उपचार में सहायक इंजेक्शन उपलब्ध करवाने का कष्ट करें ताकि इस महामारी से ग्रसित लोगों को बचाया जा सके।