दुष्प्रचार पर लगेगी लगाम : भट्ट
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा ने न्यायालय से प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की याचिका पर आए निर्णय का स्वागत किया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उम्मीद जताई कि अब सोशल मीडिया पर किए जा रहे अनर्गल, अभद्र, छवि खराब करने वाले दुष्प्रचार पर लगाम लगेगी।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से अपुष्ट ऑडियो-वीडियो के आधार पर सोशल मीडिया के माध्यम से विपक्ष की ओर से उनकी छवि खराब की जा रही थी, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। अब उम्मीद है कि न्यायालय के दखल पर उनके खिलाफ जारी अनैतिक मुहिम पर लगाम लगेगी। कांग्रेस और विपक्ष के लिए हमेशा से यह राजनैतिक मुद्दा रहा है और इसलिए शुरुआत से ही इस पूरे मुद्दे पर वो अलग नाम पर भ्रम फैलाकर दिवंगत बेटी को अपमानित कर रहे हैं। हैरानी है कि अब उन्हें पीड़ित परिवार से बातचीत पर भी दिक्कत है।
भट्ट ने कहा कि आरोप लगाने वाले पात्रों के जांच एजेंसी से मिलकर तथ्य रखने के सवालों पर उम्मीद जताई कि अब जल्द इस पूरे प्रकरण में दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि यदि कोई भी ठोस साक्ष्य सामने आया तो बड़ी से बड़ी जांच कराने को तैयार है। कहा कि लिहाजा वर्तमान में जारी जांच पूरी होने तक सभी अतार्किक, अनर्गल और झूठी बहस पर विराम लगाना चाहिए।