सर्वाधिक मतदान वाले 10 बूथ अध्यक्ष सम्मानित
लोकसभा चुनाव में भाजपा को सर्वाधिक मतदान वाले दस बूथों के अध्यक्ष भी कार्यसमिति की बैठक में सम्मानित किए गए। टिहरी लोकसभा की सहसपुर विधानसभा के कैंचीवाला बूथ नंबर-2 के बूथ अध्यक्ष राम सिंह, विकासनगर विधानसभा के बालुवाला बूथ नंबर-2 के हेमराज चंदेल, गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में केदारनाथ विस के बूथ पैंज के मान सिंह, रामनगर विस के उदयपुरी बंदोबस्ती बूथ के रमन चौधरी, अल्मोड़ा लोकसभा में जागेश्वर के कोटुली गंधक के भवन सिंह और चंपावत के बस्तियांगुंठ बूथ के मनिराम, नैनीताल लोकसभा में रुद्रपुर ग्रामीण के कुलवंतनगर नंबर-1 के गोविंद स्वर्णकार और पिपालिया नंबर-1 के राकेश बाला, हरिद्वार लोकसभा में हरिद्वार ग्रामीण विस के गोविंदगढ़ रूम नंबर-1 के सोमपाल चौहान और लक्सर विस के गंगदासपुर बूथ के बूथ अध्यक्ष धर्मराज सिंह को भाजपा के लिए सर्वाधिक मतदान पर सम्मानित किया गया।
पदाधिकारियों के शिकायत-सुझाव को लगाई पेटिका
संगठन ने पदाधिकारियों की शिकायतें सुनने, सुझाव लेने के लिए अलग से पेटिका लगाई थी। मंच से सभी पदाधिकारियों से इस पेटिका में अपने विचार, शिकायतें लिखकर देने को कहा गया। ताकि संगठन उन पर उसी हिसाब से विचार कर सके।
मंगलौर हारे नहीं जीते, न कुछ खोया-न पाया
हाल के बदरीनाथ व मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में मिली हार का मुद्दा भी बैठक में छाया रहा। केंद्रीय मंत्री खट्टर, प्रदेश प्रभारी गौतम समेत तमाम नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस उपचुनाव में उन्होंने न कुछ खोया न पाया। हां, इतना जरूर है कि जिस मंगलौर में कभी पार्टी तीसरे स्थान पर रहती थी, वहां दूसरे पर आ गई है। मंगलौर का चुनाव हारे नहीं जीते हैं।