सदस्यता अभियान की शुरुआत 6 जुलाई को देहरादून से होगी। भव्य समारोह के साथ यहां किसी बड़े चेहरे को पहली सदस्यता दिलवाकर ग्लैमर का तड़का भी लगाया जाएगा। कार्यसमिति ने तय किया है कि प्रोफेशनल्स को भी पार्टी से जोड़कर मजबूती को नई दिशा देने की रणनीति बनाई गई है।
30 जून तक हो जाएगी सदस्यता प्रमुखों की बैठक
कार्यसमिति में तय किया गया कि 30 जून तक सदस्यता प्रमुखों की बैठक संपन्न कर ली जाएगी। बूथ और शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक पांच जुलाई तक चलेगी। गौरतलब है कि सदस्यता प्रमुखों की बैठक 17 जून को दिल्ली से शुरू हुई थी। इस समय मंडल प्रमुखों की बैठक शेष है।
पंचायत चुनावों के लिए समिति गठित
आगामी पंचायत चुनावों के लिए भी भाजपा कार्यसमिति ने रणनीति तय कर ली है। इसके लिए बाकायदा प्रभार भी सौंप दिए गए हैं। इसके तहत एक पंचायत समिति बनाई गई है। इसमें नरेश बंसल, धन सिंह रावत, बिशन सिंह, नीरु देवी और पुष्कर धामी को शामिल किया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और दर्जाधारी राज्यमंत्री भगतराम कोठारी के बीच हुए विवाद में आखिरकार संगठन ने कार्रवाई कर दी है। रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि दर्जाधारी राज्य मंत्री को तीन महीने ऋषिकेश की सभाओं में शामिल होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि विस अध्यक्ष एक संवैधानिक पद होता है। ऐसे में कोई अभद्र टिप्पणी करना अनुशासनहीनता है।
उन्होंने बताया कि विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और राज्य मंत्री भगतराम कोठारी के बीच हुए विवाद का अभी कोई लिखित शिकायती पत्र मेरे पास नहीं आया है। मीडिया में छपी खबरों का संज्ञान लेते हुए फिलहाल दर्जाधारी राज्यमंत्री पर कार्रवाई की गई है। उन्हें कारण बताओ नोटिस का जवाब देना होगा। जवाब यदि संतोषजनक पाया गया तो प्रतिबंध हट भी सकता है। इसके विपरीत यदि उन पर अनुशासनहीनता के आरोप सिद्ध हो जाते हैं तो आगे की भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वे पद पर बने रहेंगे।
कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने ऋषिकेश और हल्द्वानी में सांसद निधि से रैन बसेरे बनाए जाने की घोषणा की है। सांसद ने बताया कि अपना वोट-अपना गांव अभियान जारी रहेगा। इसी क्रम में अब वे बाहर स्थापित हो चुके उत्तराखंड मूल के लोगों से खुद मुलाकात की मुहिम छेड़ेंगे। उन्हें प्रेरित किया जाएगा कि वे अपनी जड़ों की ओर लौटें। शहर के आकर्षण में अपने गांवों की मिट्टी को पराया न करें।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के पांच साल बेहद सुनहरे साबित होंगे। आने वाले पांच सालों में उत्तराखंड की भी तस्वीर बदलेगी। पेयजल योजना के मद में नैनीताल के लिए केंद्र सरकार से 700 करोड़ का बजट जारी करवा दिया गया है। इसी क्रम में अब मसूरी में पेयजल की सुविधा के लिए 700 करोड़ का बजट मंजूर करवाया गया है। आगे आने वाले समय में भी मैं केंद्र सरकार से उत्तराखंड के विकास के लिए बजट मुहैया कराने की कोशिश की जाएगी।
जम्मू-कश्मीर से विशेष कानून हटा समानता लागू हो
भाजपा की प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता व विचारक तरुण विजय ने कहा कि डॉ. मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35 ए को खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि देश को सरकार से काफी अपेक्षाएं हैं। पूरा देश चाहता है कि जम्मू कश्मीर से विशेष कानून हटाकर समानता लागू की जाए।