देहरादून। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा, छात्रों की गूंज कार्यक्रम की सफलता से भाजपा में बौखलाहट है। भाजपा सरकार ने कार्यक्रम को असफल बनाने के लिए पूरी ताकत लगाई थी, इसके बावजूद बारिश में उमड़ी युवाओं व छात्रों की भीड़ से भाजपा की नींद उड़ गई है।
रविवार को धस्माना ने कैंप कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा छात्रों की गूंज कार्यक्रम में पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी ने पेपर लीक प्रकरण पर छात्रों व युवाओं से संवाद कर वर्तमान शिक्षा प्रणाली में बदलाव के लिए छात्रों को मजबूती से लड़ने की अपील की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दबाव में प्रशासन ने परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। इसके साथ ही कुआंवाला में संवाद कार्यक्रम और परेड ग्राउंड में गायिका जैस्मिन का कार्यक्रम रखा। इससे भाजपा की मंशा उजागर होती है। उन्होंने कहा, आने वाले दिनों में कांग्रेस के बड़े नेता उत्तराखंड आएंगे।