देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस को अपने चरित्र में संवेदनशीलता लाने की जरूरत है, जिस तरह का प्रदर्शन कांग्रेस ने बीते दिनों युवाओं की गूंज कार्यक्रम में किया वह असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है। कांग्रेस यह साफ नहीं कर पाई कि वह युवाओं की चिंता करते हुए उसने युवाओं से संवाद किया या युवाओं को भ्रमित कर राजनीतिक अवसर की तलाश की। हालांकि कांग्रेस के ढाई लाख के रजिस्ट्रेशन सहित सभी दावे खोखले ही साबित हुए। दूसरे राज्यों से उम्रदराज युवा छात्रों के रूप में नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभारी छात्रों से संवाद कार्यक्रम के बाद भाजपा पर फ्लॉप शो की खीज उतारते नजर आए। प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार के आंकड़े इस बात के गवाह हैं कि युवा संतुष्ट हैं। कांग्रेस के तमाम दुष्प्रचार के बावजूद भाजपा के विजय रथ को जनता ने हरी झंडी दे दी है।