भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रचार अभियान समिति के पदाधिकारियों ने अपनी पहली प्रेसवार्ता में राज्य की कांग्रेस सरकार के घोटाले सामने रखे।
नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने कहा कि हरिद्वार सिडकुल में 214 एकड़ जमीन विगत फरवरी माह में हीरो मोटो कार्प कंपनी को 2006 के मूल्य पर दे दी गई। स्टांप ड्यूटी भी नहीं ली गई। ढाई सौ करोड़ के इस घोटाले में कुछ ब्यूरोक्रेट्स और मुख्यमंत्री हरीश रावत दोषी हैं।
भट्ट ने कहा कि हरीश सरकार को शराब माफिया चला रहे है। आबकारी नीति में परिवर्तन कराकर 33 एफएल-2 को बंद करने और दो सुपर स्टोर खोलने का आदेश जारी हो चुका है। आचार संहिता लागू है, यह आदेश कैसे जारी हुआ।
पूर्व आबकारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि यह प्रयास सरकार ने बजट सत्र में भी किया था। मार्च में जारी आदेश का एक जून से लागू होना यह दर्शाता है कि राज्य में सरकार का नहीं बल्कि शराब माफियाओं का राज है।
इस मामले में अंडर टेबल करोड़ों की डील हुई है। कौशिक ने कहा कि सिडकुल का जमीन घोटाला और आबकारी नीति से छेड़छाड़ का मुद्दा जनता के बीच रखा जाएगा। ताकि हरीश रावत की असलियत लोगों के सामने आ सके।
निशाने पर रहे स्पीकर कुंजवाल
कांफ्रेंस में नेत प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल पर निशाना साधा। भट्ट ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा के पहले स्पीकर रहे राजऋषि पुरुषोत्तम टंडन ने कहा था कि यदि इस पद पर रहते हुए मुझपर किसी भी मामले में जरा भी शक हो जाए तो मैं उसी समय पद छोड़ दूंगा।
लेकिन आज उत्तराखंड के विधानसभाध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल का सार्वजनिक तौर पर राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगना, चुनाव प्रचार करना भारतीय संविधान की आत्मा का कत्ल करने जैसा है। मुझे लगता है कि कुंजवाल में यदि थोड़ी सी भी नैतिकता बची है तो उन्हें स्पीकर का पद छोड़ देना चाहिए।
मिशन पहाड़ की दी जानकारी
अभी तक यह धारणा आम थी कि छोटे राज्यों की दिल्ली में सुनवाई नहीं होती क्योंकि ऐसे राज्यों में लोकसभा की सीटें बहुत कम होती है। लेकिन नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे और छोटे राज्यों का भी विकास होगा। पहली बार टीम इंडिया में प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री भी होंगे। यह घोषणा पत्र में भी दिया गया है।
अब किसी छोटे राज्य के विरोधी दल के मुख्यमंत्री को निराश होने की जरूरत नहीं होगी। क्योंकि एक कैबिनेट मंत्री की तर्ज पर अब हर मुख्यमंत्री टीम इंडिया में प्रधानमंत्री के साथ होगा। हिमालयी राज्यों में समस्याओं के निस्तारण व विकास के संस्थागत इंतजाम करने का वादा पहली बार किसी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में किया है।
-मुन्ना सिंह चौहान, सह संयोजक, भाजपा प्रचार अभियान समिति