-घायलों के इलाज में आर्थिक मदद की वृद्धि का सीएम से करेंगे अनुरोध : भट्ट
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भालू, गुलदार के बढ़ते हमलों में बचाव को लेकर वन विभाग से प्रधानों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय का सुझाव दिया है। हमले में घायलों के इलाज संबंधित आर्थिक मदद में वृद्धि की जरूरत को मुख्यमंत्री के सामने रखने की बात कही।
शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने प्रमुख वन संरक्षक से स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को वन एवं प्रशासनिक अधिकारियों से सावधानी के तमाम उपाय करने और हिंसक घटना या उसकी संभावना की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया है। उन्होंने ऐसी कठिन परिस्थिति में सभी नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों एवं अन्य स्थानीय क्षेत्र जन प्रतिनिधियों से लगातार संपर्क कर, जन जागरूकता फैलाने और समन्वय बनाने का भी सुझाव दिया। वन्य जीव संघर्ष में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों को अविलंब आर्थिक एवं सभी जरूरी मदद पहुंचाने की बात कही। कहा कि एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि भालू या गुलदार से घायल व्यक्ति के पूर्णतया इलाज में अनुमन्य राशि दो लाख से भी कहीं अधिक खर्च होता है। इस संबंध में वह मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से आग्रह करेंगे।