दरोगा से मारपीट के मामले में कांग्रेस शिक्षामंत्री अरविंद पांडेय पर हमलावर हो गई है। पार्टी ने अरविंद पांडेय को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि भाजपा सरकार जीरो टॉलरेंस की रात दिन रट लगा रही है। अब उसका असल इम्तिहान है कि क्या वह अपने सामने दरोगा को पिटवाने वाले मंत्री को बर्खास्त करेगी।
कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि ये बात साबित हो गई है कि मंत्री का माफिया को खुला संरक्षण है। यही वजह है कि मंत्री की मौजूदगी में कुंडेश्वरी चौकी में खनन माफिया ने गुंडई दिखाई और चौकी इंचार्ज के साथ बदसलूकी की गई। यह शर्मनाक है कि एनसीईआरटी की पुस्तकें दिलवाने में तो मंत्री नाकाम रहे, लेकिन खनन माफिया के हित के लिए चौकी पहुंचकर कानून व्यवस्था का मखौल जरूर उड़ा रहे हैं।