ramesh pokhriyal nishank with supporters
तिरंगा यात्रा के दौरान शनिवार को सांसद रमेश पोखरियाल निशंक और विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैँपियन के समर्थक आपस में भिड़ गए। मामले में चंद्रपुरी खुर्द सीट से जिला पंचायत सदस्य ने तिरंगा यात्रा के दौरान खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के समर्थकों पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है।
चंद्रपुरी सीट से जिला पंचायत सदस्य रजनीश कुमार ने खानपुर थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि शनिवार को खानपुर में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हो रहा था, जिसमें हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक और खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि सांसद निशंक के पहुंचते ही जिलापंचायत सदस्य रजनीश उन्हें लेकर अपने घर चले गए।
वापस आने पर चैंपियन के कुछ समर्थकों ने इस पर आपत्ति जताई, जिसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि चैंपियन समर्थकों ने जिला पंचायत सदस्य की पिटाई कर दी। जिला पंचायत सदस्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि क्षेत्रीय विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के चार समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। यही नहीं हमलावरों ने उसे जाति सूचक शब्द भी कहे।
खानपुर थाना प्रभारी भगत दास ने बताया कि जिला पंचायत रजनीश कुमार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उधर, खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन कहना है कि बीजेपी बहुत बड़ी पार्टी है। सभी कार्यकर्ता इस परिवार का हिस्सा हैं। कार्यकर्ताओं में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं है। कार्यकर्ताओं को बैठाकर आपस में उनके मतभेद दूर करा दिए जाएंगे।
मारपीट के बाद साथ दिखे निशंक और चैंपियन
तिरंगा यात्रा के दौरान हुए विवाद के बाद एक ओर जहां दोनों के समर्थक भिड़ गए। वहीं दूसरी ओर विवाद के बाद भी तिरंगा यात्रा में निशंक और चैंपियन साथ-साथ दिखाई दिए।