संजय गुप्ता लक्सर से भाजपा प्रत्याशी हैं।
- फोटो : AmarUjala
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत खासी तल्ख टिप्पणी करने वाले भाजपा विधायक संजय गुप्ता आखिरकार बैक फुट पर आ गए। सोमवार को उन्होंने पार्टी की ओर से दिए गए नोटिस के जवाब में अपना माफीनामा पार्टी महासचिव को थमा दिया।
हरिद्वार जिले की लक्सर विस सीट से भाजपा के विधायक संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री रावत के बारे में तमाम गंभीर टिप्पणियां की थीं। विधायक का इस तरह की टिप्पणी वाला बयाना मीडिया की सुर्खियां बना तो भाजपा प्रदेश नेतृत्व भी सकते की हालत में आ गया।
आनन-फानन में प्रदेश भाजपा की ओर से विधायक को नोटिस जारी किया गया। पार्टी ने उनके बयान को गंभीर अनुशासनहीनता माना। पहले तो विधायक ने इस नोटिस की भी खिल्ली उड़ाने वाले अंदाज में कहा कि ये नोटिस है कोई मौत का परवाना नहीं।
सोमवार को विधायक संजय गुप्ता पूरी तरह से बैक फुट पर दिखाई दिए। शाम पांच बजे सीधे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे विधायक ने प्रदेश कार्यालय प्रभारी नरेश बंसल को एक बंद लिफाफे में अपना माफीनामा सौंप दिया। अब इस माफीनामा (नोटिस का जवाब) का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट परीक्षण करेंगे। इस मामले में आगे कोई एक्शन होगा या नहीं, इस बारे में भी अंतिम फैसला प्रदेश अध्यक्ष द्वारा ही लिया जाएगा।