विवादास्पद बयानबाजी को लेकर पार्टी की जांच का सामना कर रहे भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन की जुबान एक बार फिर फिसल गई। सोशल मीडिया में उनके इस बयान की एक न्यूज क्लिप वायरल हो रही है। इस क्लिप में चैंपियन कह रहे हैं कि वे शेर हैं और गीदड़ों से बात नहीं करते। उनके इस बयान की क्लिप जांच समिति के सदस्यों तक भी पहुंच गई है। जांच समिति के संयोजक व प्रदेश महामंत्री खजानदास का कहना है कि आगाह करने के बाद भी यदि कोई बयानबाजी करेगा तो समिति इसे बेहद गंभीरता से लेगी।
जांच समिति ने बुधवार को अपनी पहली बैठक में दोनों विधायकों को तलब किया था। झबरेड़ा के पार्टी विधायक देशराज कर्णवाल तो समिति के सामने हाजिर हुए, लेकिन चैंपियन बैठक से ठीक एक दिन पहले दिल्ली कूच कर गए। उन्होंने समिति के संयोजक को सूचित किया कि वे लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली जा रहे हैं।
दिल्ली में प्रचार के दौरान मीडिया से बातचीत में चैंपियन से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें आठ मई की तारीख दी गई थी। उन्होंने असमर्थता जाहिर कर दी। दिल्ली आना जरूरी था। वे नई दिल्ली लोस से पार्टी प्रत्याशी मीनाक्षी लेखी का प्रचार कर रहे हैं। पार्टी का मोटो नेशनल फर्स्ट, पार्टी सेकेंड और सेल्फ लास्ट है। चुनाव चल रहे हैं, इसलिए फर्ज समझकर वे चुनाव प्रचार में हैं। शेर और गीदड़ के सवाल पर चैंपियन ने किसी का भी नाम लिए बगैर कहा कि वो न एजुकेशन में, न स्ट्रैंथ में और न पद में उनके बराबर हैं। उन्होंने सात चुनाव जीते हैं, जबकि वो पहली बार गलती से मोदी लहर के नाम पर जीत गए।
जांच समिति के गठन के तत्काल बाद दोनों विधायकों को निर्देश दिए गए कि वे ऐसी कोई बयानबाजी नहीं करेंगे, जिससे पार्टी के अनुशासन को ठेस पहुंचे। समिति के समक्ष जो भी तथ्य आएंगे, उनका संज्ञान लिया जाएगा।
- खजानदास, संयोजक, जांच समिति, भाजपा
ये बेहद छोटी बातें हैं, इन बातों में पड़ना ठीक नहीं है। मैं चुनाव प्रचार में हूं। गुर्जर बहुल नई दिल्ली में मैंने प्रचार में भाजपा के पक्ष में हवा बनाने का काम किया है।
- कुंवर प्रणव चैंपियन, विधायक, भाजपा
19 को होगी दूसरी बैठक
भाजपा की जांच समिति की दूसरी बैठक 19 मई को हो सकती है। जांच समिति के संयोजक खजानदास का कहना है कि वे 18 मई को लोकसभा चुनाव के प्रचार से उत्तराखंड लौट आएंगे। अगले दिन जांच समिति की बैठक होगी, जिसमें पार्टी विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन को बुलाया जाएगा।
मीनाक्षी लेखी के प्रचार में जुटे हैं चैंपियन
खानपुर के भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन नई दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी लेखी के प्रचार में जुटे हैं। अपने समर्थकों के साथ गुरुवार को वे कोटला में आयोजित जनसभा में शामिल हुए। उन्हें मंच पर गदा भेंट की गई। मंच पर सांसद हेमा मालिनी भी मौजूद थी। इस दौरान चैंपियन गांधी और नेहरू को लेकर भी प्रहार किए।