घनसाली विधायक भीमलाल आर्य के बाद अब पुरोला विधायक मालचंद के सुर भी भाजपा को परेशानी में डालते नजर आ रहे हैं। गंगनाणी बड़कोट में आयोजित कुंड की जातर में भाजपा के पुरोला विधायक मालचंद ने मुख्यमंत्री हरीश रावत की जमकर तारीफ करते हुए अगली बार भी उनके सीएम बनने की कामना की।
कहा, हरीश फिर बने सीएम
कुंड की जातर में मेला मंच से जनता को संबोधित करते हुए विधायक मालचंद ने सीएम हरीश रावत की तारीफों के पुल बांध दिए। उन्होंने सीएम को विकास पुरुष का दर्जा देते हुए मंच से ही देवी देवताओं से कामना की कि अगली बार भी हरीश रावत ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बनें।
दिल्ली चुनावों पर कसा तंज
पत्रकारों से बातचीत में भी उनका पार्टी विरोधी रवैया साफ नजर आया। उनके बयान के बारे में पूछे जाने पर विधायक ने कहा कि मेरे चाहने या न चाहने से क्या होता है, बाकी दिल्ली में तो आप हाल देख ही चुके हैं।
सीएम ने कही इशारों में बात
इसके बाद जब सीएम हरीश रावत के संबोधन की बारी आई तो उन्होंने मेले में शामिल शहरी विकास मंत्री प्रीतम पंवार, पंचायती राज मंत्री प्रीतम सिंह तथा पर्यटन मंत्री दिनेश धनै की तो खुलकर तारीफ की, लेकिन विधायक मालचंद की ज्यादा तारीफ करने से इनकार करते हुए कहा कि यदि इनकी ज्यादा तारीफ की तो ये फंस जाएंगे। मालूम हो कि भाजपा विधायक भीमलाल भी पार्टी को तीखे तेवर दिखा चुके हैं।