लंबे समय से पार्टी नेतृत्व को आंख दिखा रहे और मुख्यमंत्री हरीश रावत की तारीफ करने वाले घनसाली विधायक भीमलाल आर्य को आखिरकार भाजपा ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
आर्य पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के अलावा पार्टी विधानमंडल दल से भी निलंबित रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने निलंबन आदेश के साथ नोटिस जारी कर पार्टी विरोधी गतिविधियों पर आर्य से एक माह के भीतर जवाब मांगा है।
मोदी के बारे में की टिप्पणी
वैसे तो भीमलाल लंबे समय से पार्टी से नाराज चल रहे थे, लेकिन तीन मई को जब वे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की बैठक में नहीं पहुंचे तो मामला बिगड़ गया। इस मामले में पार्टी आर्य के जवाब का इंतजार कर रही थी कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में ही टीका टिप्पणी कर दी।
साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री हरीश रावत की तारीफ की थी। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने केंद्रीय नेतृत्व को स्थिति से अवगत कराया तो कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया। टिहरी जिला भाजपा ने भी अपनी रिपोर्ट में आर्य के पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने की पुष्टि की थी।