भाजपा विधायक की खुलेआम दबंगई इस कदर हावी हुई कि पुलिस भी कुछ नहीं कर पाई। विधायक राजकुमार ठुकराल को फोन पर धमकी देने वाले को पुलिस बुधवार रात मेरठ से पकड़ लाई। पुलिस कोई कार्रवाई करती इससे पहले ही कोतवाली में पुलिस के सामने विधायक ने आरोपी युवक को पीट डाला।
इस दौरान दरोगा और तीन कांस्टेबल मूकदर्शक बने रहे। कोतवाल भी आधे घंटे तक चली विधायक की इस दबंगई को रोकने के लिए अपने कक्ष से बाहर आने की हिम्मत नहीं जुटा सके। विधायक ने जहां मारपीट की घटना से इनकार किया है वहीं एसएसपी ने पूरे प्रकरण की जांच कराने की बात कही है।
रुद्रपुर विधायक राजुमार ठुकराल को बीते सोमवार को अज्ञात युवक ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी। विधायक के भाई संजय ठुकराल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। युवक के फोन की सीडीआर निकाली तो उसकी लोकेशन यूपी के मेरठ में मिली। पुलिस बुधवार की रात आरोपी सतीश शर्मा पुत्र लालचंद निवासी पल्लमपुर मेरठ (यूपी) को उसके घर से गिरफ्तार कर रुद्रपुर ले आई।
बृहस्पतिवार सुबह विधायक ठुकराल अपने दर्जनों समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे। कंप्यूटर कक्ष में आरोपी के साथ पूछताछ के साथ ही उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। दरोगा और वहां काम कर रहे तीन कांस्टेबल, किसी ने भी विधायक के इस कृत्य का विरोध नहीं किया। मीडिया कर्मी जब घटना को कैमरे में कैद करने लगे तो कोतवाल ने हस्तक्षेप कर सबको बाहर करा दिया, लेकिन विधायक कमरे में रहे और आरोपी से सवाल-जवाब करते हुए पीटते रहे।