फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यह है भाजपा की तैयारियों का सच

Tue, 01 Apr 2014 01:37 PM IST
प्रवेश कुमारी / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा का बूथ लेवल तैयारी का सच सोमवार को सामने आ गया। पार्टी ने सहारनपुर रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में समीक्षा बैठक का आयोजन किया था।
विज्ञापन


निशंक के आते ही क्लास शुरू
दोपहर दो बजे का समय नियत था, लेकिन मुख्य अतिथि और लोकसभा चुनाव में हरिद्वार संसदीय सीट से प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ पहुंचे शाम साढ़े पांच बजे। आते ही ‘क्लास’ शुरू कर दी।

हाथ खड़े कराए तो 143 बूथ संयोजकों में अधिकांश नदारद थे। 28 शक्ति केंद्र संयोजकों में बस 12 ही मौजूद दिखे। खफा निशंक ने मंडल अध्यक्ष से दोबारा समीक्षा बैठक करने को कहा।
विज्ञापन


इससे पहले संबोधन के लिए खड़े होते ही उन्होंने बैठक को निशाने पर ले लिया। बोले-यहां न कार्यकर्ता दिख रहा है, न कोई सक्रिय सदस्य।

बस नेता दिखाई दे रहे हैं। हमारे क्षेत्र में 143 बूथ हैं, लेकिन इनके संयोजक कहां हैं? मंडल अध्यक्ष अनंत सागर गिरी से इस बाबत पूछा तो वह अचकचा गए। यही सवाल महानगर अध्यक्ष नीलम सहगल से भी किया।

उनके भी खामोश रहने पर निशाना साधा। कहा रात 12 बजे से ही बैठक की तैयारी शुरू कर दें। सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शक्ति केंद्र संयोजक, पालक बैठक में मौजूद हो, जो चुनावी लड़ाई के वक्त भी लड़ने के लिए वक्त न दे सके, उसे हाथ जोड़ दें। वरना यह पार्टी के साथ धोखा होगा।

इस अवसर पर उक्रांद से चुनाव लड़ चुके वेद जुगरान, शादाब शम्सी, जाकिर समेत कई संगठनों के पदाधिकारियों, सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

मौके पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोहर कांत ध्यानी, मीडिया प्रकोष्ठ के प्रभारी उमेश अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश सुमन ध्यानी, कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, ग्रामीण मंडल की अध्यक्ष लक्ष्मी गुसाईं, महामंत्री मनोज चतुर्वेदी, कुंवर नागेंद्र, नवीन क्षेत्री, चौधरी अजीत सिंह, दिनेश चौहान, सुशील गुप्ता, आशुतोष ममगाईं आदि मौजूद रहे।

निशंक जैसा न आया तो भगा दोगे....
सम्मेलन में मेयर विनोद चमोली अपने संबोधन में सम्मेलन में लगाए जा रहे नारों पर चुटकी लेना नहीं भूले। नारा था-‘हमारा सांसद कैसा हो, डा. रमेश पोखरियाल जैसा हो...’

इस पर विनोद चमोली ने कार्यकर्ताओं से सवाल किया-निशंक जैसा न हुआ तो क्या भगा दोगे? अरे, नारा यह लगाओ हमारे सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक हों।

घर से कुर्बानी देना चाह रहे मुख्यमंत्री
कांग्रेस में नेताओं के चुनाव लड़ने से बचने पर भी चमोली ने निशाना साधा। मुख्यमंत्री हरीश रावत पर सीधे हमला बोला। कहा-लड़ने के लिए कोई नहीं मिला तो अपना घर ही दिखाई दिया।

खबर आई है कि हरिद्वार से मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी रेणुका रावत अब चुनाव लड़ेंगी। साफ है कि मुख्यमंत्री अब घर से ही कुर्बानी देना चाह रहे हैं।

दो घंटे बस स्वागत और मंच पर बुलाने में
कार्यकर्ता सम्मेलन में अव्यवस्था का आलम इस कदर था कि शुरुआती दो घंटे संचालक महेश पांडे ने आए हुए लोगों का स्वागत करने और मंच पर बुलाने में ही बिता दिए।
विज्ञापन


50 से ज्यादा पदाधिकारी, कार्यकर्ता मंच पर बैठाए गए थे। इस बीच निशंक पहुंचे तो फिर माला पहनाने को मारा-मारी मच गई। लोग एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें