अनिल बलूनी ने कहा कि सत्ता का मीडिया प्रबंधन और विपक्ष का मीडिया प्रबंधन अलग-अलग होता है। उन्होंने मीडिया टीम के प्रभारियों से अगले सौ दिनों का रोडमैप बनाने, ऑनलाइन-डिजिटल के लिए अगल से रणनीति बनाने, रिसर्च टीम का गठन, खबरों का बैंक बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की तरफ से अधिकृत व्यक्ति ही बयान जारी करें। उन्होंने कहा कि हमें कांग्रेस ही नहीं अब आम आदमी पार्टी से भी लड़ना है। वह अदृश्य शत्रु की तरह है, झूड फैलाने में माहिर है। इसलिए फेक न्यूज को रोकना भी मीडिया टीम के सामने चुनौती है। राज्य और केंद्र की उपलब्धियां, केंद्र से मिला पैसे की भी जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
हमें मिथक तोड़कर फिर सरकार बनानी है
अनिल बलूनी ने कहा कि भाजपा को मिथक तोड़कर पुन: राज्य में सरकार बनानी है। उन्होंने मीडिया टीम से वर्ष 2012-17 कांग्रेस काल की विफलताओं का चार्ट तैयार करने को भी कहा। केजरीवाल पर भी आरोप पत्र तैयार करने के लिए कहा। जिलास्तर पर टॉक शो कराने की भी बात उन्होंने कही।
चुनाव से पहले होगा राष्ट्रीय नेताओं का दौरा
अनिल बलूनी ने कहा कि चुनाव से पूर्व उनके तमाम राष्ट्रीय नेता उत्तराखंड का दौरान करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह उत्तराखंड के दौरे पर आएंगे।
अच्छा काम करो, राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट में जगह दूंगा
अनिल बलूनी ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि दिल्ली में बैठा मीडिया टीम का व्यक्ति ही अच्छा काम कर सकता है। उत्तराखंड में तमाम जिलों में कई कार्यकर्ता भी बेहतर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में जो भी अच्छा काम करेगा, उसे राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया पैनलिस्ट में जगह दी जाएगी।
सरकार विभागों और वित्त से आकलन करवाकर ही कर रही घोषणाएं: धामी
सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी प्रेक्षागृह में आयोजित भाजपा की प्रदेश स्तरीय मीडिया कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की उपलब्धियों का भी बखान किया। धामी ने कहा कि विपक्ष उनकी घोषणाओं पर सवाल उठा रहा है, लेकिन वह विभागों और वित्त विभाग से आकलन करवा कर ही घोषणाएं कर रहे हैं, जो निश्चित तौर पर धरातल पर आएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने 24 हजार भर्तियां निकाली हैं, जिस पर 15 अगस्त से कार्य शुरू हो गया है। अगले तीन माह के भीतर इनमें से आधी भर्तियां हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के लिए विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाए जा रहे हैं। धामी ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को दो हजार करोड़ के आर्थिक पैकेज के साथ ही आजीविका योजना में पुलिस और राजस्व के लोगों को भी पैकेज दिया है।