छात्रों की गूंज कार्यक्रम की सफलता के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं भाजपा महिला मोर्चा राहुल गांधी के कार्यक्रम के विरोध में आज शहर में विरोध प्रदर्शन कर रही है।
देहरादून के रेसकोर्स स्थित बन्नू इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाले राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध किया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सीएमआई चौक से कार्यक्रम स्थल तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के विरोध में नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए।
राहुल गांधी के लिए बनाया गया स्टेज
छात्राें की गूंज कार्यक्रम के लिए राहुल गांधी स्टेज से छात्रों को संबोधित और उनके साथ संवाद करेंगे। इसके लिए पंडाल में एक तरफ स्टेज तैयार किया गया है। उस पर सिर्फ राहुल गांधी ही रहेंगे। ग्राउंड छोटा है और छात्रों की भीड़ ज्यादा आने की संभावना है। इसको देखते हुए पंडाल में छात्राें के लिए स्टैंडिंग व्यवस्था की गई है।
सेवादल संभालेगा व्यवस्था
कांग्रेस सेवादल को छात्रों की मदद के लिए तैयार किया गया है। छात्रों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो और कार्यक्रम स्थल तक वह पहुंच जाएं, इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है। पीने के पानी की कमी भी न हो इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पेयजल की व्यवस्था कराई गई है।