हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में भाजपा नेता बिजेंद्र सिंह को गोवर्धनपुर के पास एक डंपर ने कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इस हादसे से क्षेत्र में शोक छा गया।
रविवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे 42 वर्षीय बिजेंद्र सिंह बाइक से अपने गांव डेरियो से लक्सर की तरफ आ रहे थे। नियामतपुर गांव के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
डंपर के साथ चला गया घिसटता
गंभीर रूप से घायल हुआ बिजेंद्र काफी दूर तक डंपर के साथ घिसटता हुआ गया। मौके पर जमा हुए लोगों ने उसे अस्पताल भिजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खानपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बिजेंद्र की मौत से उनके गांव समेत क्षेत्र में शोक छा गया। बड़ी संख्या में घर पहुंचकर मृतक के परिजनों को ढाढ़स बंधाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
हेलमेट होता तो शायद बच जाती जान
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बिजेंद्र ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। जिस कारण उसके सिर में भी गंभीर चोट आई और काफी खून बह गया।
चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि अगर हेलमेट पहना होता तो शायद बिजेंद्र की जान बच जाती।