भाजपा सांसद बीसी खंडूड़ी के इस बयान के बाद पार्टी में हड़कंप मच सकता है। उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पूर्व सीएम विजय बहुगुणा पर कई गंभीर आरोप लगाए।
लोकायुक्त को लेकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के बाद अब गढ़वाल सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी ने पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उनके लोकायुक्त बिल को तत्कालीन राष्ट्रपति से स्वीकृति मिली और पूरे देश ने इसकी सराहना की, लेकिन बाद में सत्ता में आई कांग्रेस के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने जानबूझकर लोकायुक्त को कमजोर करने का काम किया।
पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में तब पक्ष-विपक्ष के विधायकों ने लोकायुक्त बिल का समर्थन किया। तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने बिना कॉमा, फुल स्टॉप हटाए लोकायुक्त बिल को स्वीकृति दी।